बरेली। आंवला लोकसभा क्षेत्र के सांसद नीरज मौर्य ने शनिवार को सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि 20 जुलाई से शुरू होने वाले संसद के मानसून सत्र में वे क्षेत्र और जनहित से जुड़े प्रमुख मुद्दों को मजबूती से उठाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार से जवाबदेही तय कराने और आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी ढंग से आवाज बुलंद की जाएगी। सांसद ने बताया कि सत्र में युवाओं के लिए रोजगार, सरकारी विद्यालयों की शिक्षा व्यवस्था, स्मार्ट सिटी मिशन की समीक्षा, किसानों की आय, फसल क्षति का मुआवजा, एमएसपी को कानूनी गारंटी, खाद की उपलब्धता, कर्जमाफी, महंगे डीजल-पेट्रोल और कृषि संकट जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए जाएंगे। इसके अलावा शिक्षक भर्ती में टीईटी की अनिवार्यता, नीट परीक्षा में कथित अनियमितताएं, महंगाई, बेरोजगारी, सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार, चुनावी पारदर्शिता और राम मंदिर परिसर की सुरक्षा जैसे विषयों पर भी सरकार से जवाब मांगा जाएगा।नीरज मौर्य ने कहा कि बरेली और आंवला क्षेत्र के स्थानीय मुद्दों को भी संसद में प्रमुखता से रखा जाएगा। इनमें खाद संकट, रबर फैक्ट्री कर्मचारियों की समस्याएं, 300 बेड अस्पताल का सुचारू संचालन और बरेली में एम्स की स्थापना की मांग शामिल है। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य केवल मुद्दे उठाना नहीं, बल्कि उन पर ठोस कार्रवाई सुनिश्चित कराना है ताकि क्षेत्र की जनता को वास्तविक राहत मिल सके।