बरेली। मनोना धाम खाटू श्याम के दर्शन के लिए जा रही नेपाल निवासी एक महिला की शनिवार को सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि दो अन्य महिलाएं घायल हो गईं। हादसा थाना बिशारतगंज क्षेत्र में रामगंगा पार करने के बाद हुआ, जहां तेज रफ्तार कार ने सवारियों से भरे टेंपो में टक्कर मार दी। जानकारी के अनुसार नेपाल के सिराहा जिले के विष्णुपुर गांव निवासी मीना देवी पत्नी ध्यानी सादा अपने बेटे पवन, बहन शकुंती तथा अन्य यात्रियों के साथ बरेली जंक्शन से टेंपो में सवार होकर मनोना धाम जा रही थीं। रास्ते में बिशारतगंज क्षेत्र में सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मीना देवी, शकुंती और एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को मझगवां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां चिकित्सकों ने मीना देवी को मृत घोषित कर दिया। अन्य दोनों घायलों का उपचार जारी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।