शेखूपुर में आबिद रज़ा का शक्ति प्रदर्शन: गांव-गांव उमड़ा जनसैलाब, जनता ने किया 2027 में चुनाव लड़ने का आग्रह
बदायूं। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व मंत्री आबिद रज़ा ने मंगलवार को शेखूपुर विधानसभा क्षेत्र के भमुईया, भदासिया, बड़ी गौरामई, उरोलिया और ईकरी गांवों का तूफानी दौरा कर राजनीतिक माहौल को गर्म कर दिया। विभिन्न गांवों में आयोजित जनसभाओं के दौरान ग्रामीणों ने एक स्वर में उनसे वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव शेखूपुर सीट से लड़ने का आग्रह किया।
पूर्व मंत्री आबिद रज़ा के गांवों में पहुंचने पर युवाओं ने मोटरसाइकिल रैली निकालकर उनका स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों की गूंज और पुष्प वर्षा के बीच महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं ने उनका जोरदार अभिनंदन किया। कई स्थानों पर आयोजित जनसभाओं में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी देखने को मिली।जनसभाओं को संबोधित करते हुए आबिद रज़ा ने कहा कि शेखूपुर विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं के साथ वर्षों से राजनीतिक अन्याय होता रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने वोट लेने के बाद जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास नहीं किया, जिसके कारण यह विधानसभा विकास की दौड़ में पिछड़ गई। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में आज तक सरकारी डिग्री कॉलेज तक की स्थापना नहीं हो सकी, जिससे युवाओं की उच्च शिक्षा प्रभावित हो रही है।
उन्होंने कहा कि चुनावों के दौरान जनता को बड़े-बड़े सपने दिखाए जाते हैं, लेकिन चुनाव समाप्त होते ही विकास के वादे भुला दिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि जनता का वोट जीत भी जाता है, फिर भी क्षेत्र के लोग मायूस दिखाई देते हैं, क्योंकि उनके हितों की अनदेखी की जाती है।पूर्व मंत्री ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में बदलाव लाने के लिए सेक्युलर हिंदू, मुस्लिम और दलित समाज को एकजुट होकर पीडीए को मजबूत करना होगा। उन्होंने कहा कि यही एकता समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को दोबारा उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने का रास्ता तैयार करेगी।आबिद रज़ा ने कहा कि यदि उन्हें शेखूपुर विधानसभा क्षेत्र की सेवा करने का अवसर मिला तो बिना किसी भेदभाव के सभी क्षेत्रों में समान विकास कराया जाएगा। उन्होंने बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, उच्च शिक्षा के लिए इंटर कॉलेज और डिग्री कॉलेज की स्थापना, पक्की सड़कों का निर्माण तथा हर परिवार तक विकास की रोशनी पहुंचाने का वादा किया।इस अवसर पर अवधेश यादव, सुनील यादव, ब्रह्मपाल यादव, अशोक यादव, सोनू यादव, विकास यादव, भूप सिंह यादव, राजिक खान, सद्दाम, अंसार, अमित गुप्ता, अब्दुल हन्नान खान, अकरम, दिलदार, राशिद अली खान, रियाजुल, पप्पू भाई, उवैस, अहमद रज़ा, मुख्तियार, बबलू, यासीन, शेर मोहम्मद, अनीस, नुसरत, अबरार, अरशद हसन, बाबू हुसैन, मुशर्रफ, नवाजिश, आमिर, आसिफ सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।















































































