बदायूँ। प्राविधिक शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा आयोजित उत्तर प्रदेश संयुक्त कम्प्यूटर आधारित प्रवेश परीक्षा-2026 (यूपीजेईई) का आयोजन जनपद के परीक्षा केंद्र जीलॉट पब्लिक स्कूल में 2 जून से 9 जून तक सफलतापूर्वक सम्पन्न कराया गया। परीक्षा प्रतिदिन तीन पालियों में आयोजित हुई, जिसमें अभ्यर्थियों ने विभिन्न ग्रुपों की प्रवेश परीक्षा में भाग लिया। परीक्षा की प्रथम पाली सुबह 8 बजे से 10:30 बजे तक, द्वितीय पाली दोपहर 12 बजे से 2:30 बजे तक तथा तृतीय पाली सायं 4 बजे से 6:30 बजे तक आयोजित की गई। संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद द्वारा परीक्षा को पूर्णतः नकलविहीन, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं।परीक्षा केंद्र पर एस.के. आजाद (प्रधानाचार्य, राजकीय पॉलिटेक्निक बदायूँ) को नोडल अधिकारी तथा प्रदीप कुमार (प्रवक्ता, पेंट टेक्नोलॉजी) को केंद्र पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया था। वहीं दिलीप कुमार, प्रवक्ता, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) बदायूँ को स्टेटिक मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी सौंपी गई। केंद्र व्यवस्थापक के रूप में विद्यालय की प्रधानाचार्या ज्योति लता ने व्यवस्थाओं का संचालन किया। आईटी प्रमुख आशीष सक्सेना तथा कक्ष निरीक्षक ईशा खान एवं नीतिका सारस्वत ने परीक्षा संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अधिकारियों की सतत निगरानी और विद्यालय प्रशासन के सहयोग से पूरी परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुचारू रूप से सम्पन्न हुई।