बरेली। थाना कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कसगरान में शराब की दुकान खोले जाने को लेकर क्षेत्रवासियों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। शनिवार को स्थानीय लोगों ने दुकान के विरोध में जमकर प्रदर्शन किया। वहीं सोमवार को क्षेत्रवासियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर दुकान को तत्काल हटाने की मांग की। सुनील शर्मा का कहना है कि बंदरों वाला हनुमान मंदिर के पास नियमों की अनदेखी करते हुए शराब की दुकान खोली गई है, जो पूरी तरह गलत और विधि विरुद्ध है। उनका आरोप है कि इस संबंध में पूर्व में भी प्रशासन को अवगत कराया गया था, जिसके बाद विभागीय जांच में तथ्यों को सही मानते हुए प्रस्ताव को निरस्त कर दिया गया था। इसके बावजूद दोबारा दुकान खोले जाने से लोगों में नाराजगी बढ़ गई हैक्षेत्रवासियों ने जिलाधिकारी से मांग करते हुए कहा कि धार्मिक स्थल के निकट शराब की दुकान खोले जाने से सामाजिक और धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं। उन्होंने दुकान को तत्काल प्रभाव से हटाने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में राजवीर, सुमित सैनी, प्रभात रावत, रोहित अग्रवाल और सुनील शर्मा सहित अन्य लोग शामिल रहे। यह ज्ञापन बंदरों वाला हनुमान मंदिर ट्रस्ट, मलूकपुर की ओर से दिया गया। ट्रस्ट अध्यक्ष भानु तथा गुंजन शर्मा भी मौजूद रहे।