किसान एकता संघ की पंचायत में उठा कम सर्किल रेट का मुद्दा, आंदोलन की चेतावनी
बरेली। किसान एकता संघ की किसान पंचायत तहसील आंवला के थाना भमोरा क्षेत्र स्थित पाखुन्नी गांव में किसान नेता डॉ रवि नागर के नेतृत्व में आयोजित की गई। पंचायत में लगभग 10 गांवों के प्रमुख किसानों ने भाग लिया और औद्योगिक गलियारे के लिए अधिग्रहित की जा रही भूमि के कम सर्किल रेट का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।पंचायत में भमोरा, मकरंदपुर, ताराचंदपुर, पाखुन्नी, कुड्डा, भीकमपुर, भरताना, हजरतपुर, यूसुफपुर, खुली और चांदपुर मटकी सहित कई गांवों के सैकड़ों किसान उपस्थित रहे। किसानों ने आरोप लगाया कि सरकार ने जानबूझकर उनकी उपजाऊ और बेशकीमती जमीनों का सर्किल रेट कम निर्धारित किया है।किसान नेता डॉ रवि नागर ने सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक ओर सरकार किसानों को समृद्ध बनाने की बात करती है, वहीं दूसरी ओर उनकी सोने जैसी जमीनों का कम सर्किल रेट तय कर अधिग्रहण की योजना बना रही है। उन्होंने कहा कि जब तक किसानों को उनकी जमीन का उचित मुआवजा नहीं मिलेगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
उन्होंने मांग करते हुए कहा कि यदि सरकार को अपनी योजना के लिए जमीन चाहिए तो कम से कम डेढ़ करोड़ रुपये प्रति हेक्टेयर की दर से सर्किल रेट निर्धारित किया जाए।पंचायत में यह भी निर्णय लिया गया कि 14 मई से प्रभावित गांवों में किसान नेता डॉ रवि नागर के नेतृत्व में पदयात्रा निकाली जाएगी, जिसके माध्यम से किसानों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके बाद एक बड़ी किसान पंचायत आयोजित कर प्रशासन के समक्ष मांगें रखी जाएंगी।कुड्डा गांव के प्रधान आदेश यादव ने कहा कि जमीन किसान की मां समान होती है, जो पूरे परिवार का पालन-पोषण करती है। उन्होंने कहा कि किसान किसी भी कीमत पर अपनी जमीन कम सर्किल रेट पर नहीं देंगे और आवश्यकता पड़ने पर बड़ा संघर्ष करने के लिए तैयार हैं।किसान पंचायत की अध्यक्षता पाखुन्नी के प्रधान ओमप्रकाश पप्पू ने की। उन्होंने सभी गांवों से आए किसानों का आभार व्यक्त करते हुए पंचायत के समापन की घोषणा की।इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष युवा मोर्चा पंडित राजेश शर्मा, लालाराम मिश्रा, पप्पू नेताजी, गिरीश गोस्वामी, संजय यादव, बोहरन लाल गुर्जर, राजबहादुर शर्मा, सतीश शर्मा, रामलाल साहू, श्रीपाल मौर्य, मुस्ताक अली, नाथू सिंह, राम अवतार यादव, दाताराम सिंह, उपदेश शर्मा, बजेश यादव, कल्याण मौर्य, देवेंद्र सिंह, वीरपाल, विनोद चौहान, सोनू शर्मा, एहसान खान, इस्लाम, पप्पू खान, केसर खान, साधू सिंह, रजनीश शर्मा, सुधीर शर्मा सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।















































































