बरेली । ब्रह्माकुमारी संस्था के चोपला सेंटर पर मदर्स डे का कार्यक्रम बड़े हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय “माँ सुखी जीवन की आधारशिला” रहा।कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिससे पूरे परिसर में दिव्यता एवं सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न संस्थाओं से आईं अनेक सम्मानित अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इनमें छाया वरिष्ठ अधीक्षक महिला कल्याण सेवा संस्थान, चेतना संचालिका, वात्सल्य सेवा संस्थान , कांता गंगवार , अर्चना संचालिका, वृद्धाश्रम तथा मिसेज डीआईजी विभा वैध विशेष रूप से उपस्थित रहीं।कार्यक्रम में सैकड़ों माताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे पूरे वातावरण में आनंद और उमंग का विशेष माहौल बना रहा।इस अवसर पर ब्रह्माकुमारीज बरेली क्षेत्र की संचालिका राजयोगिनी पार्वती दीदी ने अपने उद्बोधन में कहा कि माँ ही सुखी जीवन की सच्ची आधारशिला होती है। उन्होंने कहा कि माँ के संस्कार, त्याग, प्रेम और सहनशीलता ही परिवार एवं समाज को सशक्त बनाते हैं। कार्यक्रम का मंच संचालन राजयोगिनी नीता दीदी ने कुशलतापूर्वक किया। वहीं ब्रह्माकुमार महेश भाई ने मधुर गीत प्रस्तुत कर सभी को भाव-विभोर कर दिया। साथ ही दो कुमारियों द्वारा “माँ” विषय पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुति दी गई, जिसने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से मातृशक्ति का सम्मान किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित भाई-बहनों एवं माताओं को भोग तथा ईश्वरीय सौगात स्वरूप प्रसाद वितरित किया गया। मातृत्व की महानता को समर्पित यह आयोजन सभी के लिए प्रेरणादायक एवं अविस्मरणीय रहा।