धूमधाम से मनाई गई महाराणा प्रताप की जयंती
बरेली। पीलीभीत बाईपास रोड स्थित महानगर टाउनशिप में महाराणा प्रताप की 486वीं जयंती पूर्ण हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाई गई। इस अवसर पर महाराणा प्रताप चौक पर भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाराज सिंह, एमएलसी रहे। उन्होंने महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर एवं चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष आंवला आदेश प्रताप सिंह तथा अर्बन कोऑपरेटिव बैंक की चेयरपर्सन श्रुति गंगवार ने भी महाराणा प्रताप के चित्र पर माल्यार्पण किया। कार्यक्रम में पंडित वीरेश गौड़ द्वारा मंत्रोच्चार किया गया।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि महाराज सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप हम सभी के आदर्श हैं। उनके पदचिह्नों पर चलकर देश सेवा का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप ने घास की रोटियां खाना स्वीकार किया, लेकिन अपने मान-सम्मान से कभी समझौता नहीं किया।भाजपा जिलाध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह ने कहा कि महानगर टाउनशिप में महाराणा प्रताप की भव्य प्रतिमा स्थापित कर यहां के निवासियों ने सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने कहा कि यह प्रतिमा दूसरे शहरों से बरेली आने वाले लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगी। उन्होंने महाराणा प्रताप की वीरता और प्रबल इच्छाशक्ति को नमन किया।
श्रुति गंगवार ने कहा कि बच्चों को महाराणा प्रताप के जीवन और संघर्षों के बारे में अवश्य बताना चाहिए। उन्होंने मातृशक्ति का आह्वान करते हुए कहा कि मां ही बच्चों को अच्छे संस्कार देती है और समाज निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।कार्यक्रम में सुधीर उपाध्याय ने कहा कि देश प्रथम की भावना के साथ महाराणा प्रताप के आदर्शों को आत्मसात करना चाहिए तथा सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं करना चाहिए। नगर निगम में नामित पार्षद हरिओम गौतम ने कहा कि महापुरुष किसी भी जाति में जन्म ले सकते हैं और उनके जन्मदिवस को उत्सव के रूप में मनाया जाना चाहिए।
गीता सिंह ने कहा कि प्रत्येक महापुरुष के पीछे एक मां के संस्कार होते हैं और महाराणा प्रताप इसका श्रेष्ठ उदाहरण हैं। कार्यक्रम में फतेह चंद्र गंगवार, पंडित वीरेश गौड़, गायत्री परिवार के बलवीर सिंह, एनपी सिंह एवं शरद सक्सेना सहित कई लोगों ने अपने विचार व्यक्त किए।कार्यक्रम की अध्यक्षता महाराणा प्रताप स्मारक समिति, महानगर टाउनशिप बरेली के प्रभारी एमपी सिंह ने की, जबकि संचालन अमर सिंह परमार ने किया। अंत में एमपी सिंह ने मुख्य अतिथि, सभी अतिथियों, महानगर टाउनशिप के निवासियों तथा विभिन्न क्षेत्रों से आए महाराणा प्रताप प्रेमियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन मिष्ठान वितरण के साथ हुआ।















































































