बरेली। जनपद में अपराध एवं अवैध शस्त्रों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में थाना बहेड़ी पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। थाना बहेड़ी पुलिस टीम ने गश्त एवं चेकिंग के दौरान एक अभियुक्त को अवैध तमंचा एवं कारतूस सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार रात्रि थाना बहेड़ी पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त पर मौजूद थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति अवैध हथियार के साथ केशर मिल से मुड़िया की ओर जाने वाले रास्ते पर स्थित ग्राउंड के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान अभियुक्त के कब्जे से एक अवैध तमंचा 12 बोर एवं एक जिन्दा कारतूस 12 बोर बरामद किया गया। बरामदगी के आधार पर थाना बहेड़ी में मुकदमा पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की गई। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अरुण पुत्र राकेश गुप्ता निवासी मोहल्ला रामलीला, कस्बा एवं थाना बहेड़ी, जनपद बरेली के रूप में हुई है।पुलिस अभिलेखों के अनुसार अभियुक्त के विरुद्ध पूर्व में भी पॉक्सो एक्ट थाना बहेड़ी जनपद बरेली में मुकदमा दर्ज है। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह अवैध तमंचा लोगों में भय उत्पन्न करने एवं आपराधिक गतिविधियों में प्रयोग करने के उद्देश्य से अपने पास रखता था। उसने अपने कृत्य पर गलती स्वीकार करते हुए क्षमा भी मांगी। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक बोबी कुमार, हेड कांस्टेबल विकास पंवार तथा कांस्टेबल विशेष खोखर थाना बहेड़ी जनपद बरेली शामिल रहे।