मुजरिया। थाना क्षेत्र के ग्राम कोल्हाई निवासी एक वृद्ध महिला की मौत के बाद दाह संस्कार में शामिल होकर लौट रहे तीन बाइक सवार युवकों को अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई।जानकारी के अनुसार ग्राम कोल्हाई निवासी जनुका पत्नी नाथू सिंह (85 वर्ष) की लंबी बीमारी के चलते मौत हो गई थी। उनके अंतिम संस्कार के लिए गांव के कई लोग कछला गंगा घाट गए थे। दाह संस्कार के बाद रिंकू पुत्र वीरपाल (35 वर्ष), भूरा पुत्र कप्तान सिंह (25 वर्ष) तथा नन्हे पुत्र रामू (24 वर्ष) निवासी ग्राम कोल्हाई एक ही बाइक से किसी कार्य से नगरिया थाना सोरों जनपद कासगंज गए थे।बताया जाता है कि शुक्रवार सुबह करीब चार बजे नगरिया और कछला के बीच पेट्रोल पंप के पास पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना पर नगरिया पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायलों को संयुक्त जिला चिकित्सालय कासगंज भिजवायअस्पताल में चिकित्सकों ने भूरा पुत्र कप्तान सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि रिंकू और नन्हे का उपचार जारी है। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।पुलिस ने मृतक भूरा के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। फिलहाल परिजनों की ओर से थाना सोरों में कोई तहरीर नहीं दी गई है।थाना प्रभारी निरीक्षक सोरों लोकेश भाटी ने बताया कि एक बाइक पर सवार तीन लोगों को अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी थी, जिसमें एक युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। दो घायलों का इलाज जिला अस्पताल कासगंज में चल रहा है। उन्होंने बताया कि अभी घटना की तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।