बरेली। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के जिला प्रवक्ता मोहम्मद इकबाल एडवोकेट ने प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिला अधिकारी कार्यालय में सौंपा। इस दौरान उन्होंने प्रेस वार्ता कर प्रशासनिक व्यवस्था, अतिक्रमण, जल निकासी, आवारा पशुओं और अवैध कॉलोनियों समेत कई जनसमस्याओं को उठाया।मोहम्मद इकबाल ने कहा कि उच्च अधिकारियों के कार्यालयों में फरियादियों और अधिकारियों के बीच अत्यधिक दूरी होने के कारण बुजुर्ग एवं बीमार लोग अपनी समस्याएं ठीक से नहीं रख पाते। उन्होंने मांग की कि शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा फरियादियों को कार्रवाई की जानकारी भी दी जाए।ज्ञापन के माध्यम से बताया शहर की प्रमुख सड़कों और फुटपाथों पर बढ़ते अतिक्रमण का मुद्दा भी उठाया गया। उन्होंने कहा कि शाहजहांपुर, पीलीभीत, बदायूं और दिल्ली रोड समेत कई मार्गों पर फुटपाथों पर अवैध कब्जों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं और जाम की स्थिति बनी रहती है। प्रशासन से स्थायी अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने की मांग की गई।भाकियू नेताओं ने स्कूल-कॉलेजों के आसपास अव्यवस्थित पार्किंग पर रोक लगाने, नालों की तली तक सफाई कराने, नालों पर लोहे के जाल लगाने और सफाई कार्य की निगरानी बढ़ाने की भी मांग उठाई। इसके अलावा आवारा पशुओं, बंदरों और जंगली सूअरों से किसानों की फसलों को हो रहे नुकसान पर चिंता जताते हुए स्थायी समाधान की मांग की गई। ज्ञापन में अवैध कॉलोनियों के निर्माण पर रोक लगाने तथा कृषि भूमि बचाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया। वहीं धार्मिक स्थलों और धार्मिक गतिविधियों को लेकर कुछ विवादित मांगें भी ज्ञापन में शामिल की गईं, जिन पर चर्चा का विषय बना हुआ है।