रिटायर्ड एलआईयू इंस्पेक्टर की पत्नी की हत्या, जंगल में झाड़ियों में मिला शव
बरेली। थाना सुभाषनगर क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। रिटायर्ड एलआईयू इंस्पेक्टर गजराज सिंह की 65 वर्षीय पत्नी शारदा देवी का शव पीलीभीत के जहानाबाद क्षेत्र के जंगल में झाड़ियों में पड़ा मिला। इस वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है।बताया जा रहा है कि शारदा देवी 2 मई को घर से निकली थीं और उनके साथ मोहल्ले में आने-जाने वाला युवक वरुण पाराशर भी था। परिवार के अनुसार, वह घर से सवारी के जरिए निकली थीं, लेकिन रास्ते में आरोपी वरुण उन्हें अपनी कार में बैठाकर कहीं ले गया, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने थाना सुभाषनगर में गुमशुदगी दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को मुंह बोले बेटे वरुण पाराशर पर शक हुआ। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। शुरुआत में वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती के बाद उसने हत्या की बात कबूल कर ली। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने पीलीभीत के जहानाबाद जंगल से शव बरामद किया।पूछताछ में सामने आया कि वरुण पाराशर नगर निगम में संविदा कर्मचारी है और उसका शारदा देवी के घर आना-जाना था। उसने माँ जैसा रिश्ता बनाकर महिला का भरोसा जीत लिया था। आरोप है कि उसकी नजर शारदा देवी की संपत्ति पर थी। महिला द्वारा जमीन अपने नाम करने से इनकार करने पर वह नाराज हो गया और हत्या की साजिश रच डाली।
आरोपी ने 2 मई को बहाने से शारदा देवी को बुलाया और कार में बैठाकर ले गया। रास्ते में पहले उनके सिर पर गाड़ी का औजार (पाना) से वार किया, फिर गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को पीलीभीत के जहानाबाद क्षेत्र में जंगल की झाड़ियों में फेंक दिया।
सोमवार रात परिजनों को सूचना मिली कि शारदा देवी का शव झाड़ियों में पड़ा मिला है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूरे प्रकरण की गहन जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना से स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है,महिला के तीन बेटे विनय , मोहित , विकास और एक बेटी है पति एल आई यू इंस्पेक्टर के पद से रिटायर्ड है वी के पब्लिक स्कूल चलाते हैं। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम को भेजा।















































































