बरेली। थाना बारादरी क्षेत्र में पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में एक शातिर गौकश घायल हो गया। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और खोखे बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ पहले से कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। मंगलवार देर रात करीब 2 बजे थाना बारादरी पुलिस टीम हारुनगला-भरतौल रोड स्थित एफ सी आई गोदाम के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान भरतौल की ओर से एक संदिग्ध व्यक्ति पैदल आता दिखाई दिया, जो पुलिस को देखकर अचानक मुड़कर तेजी से जाने लगा। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह नहीं रुका और भागने लगा। पुलिस टीम ने जब पीछा किया तो आरोपी ने जान से मारने की नीयत से पुलिस पर दो फायर कर दिए। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम वसीम अहमद (34) पुत्र कफील अहमद, निवासी सेमलखेड़ा, थाना बारादरी बताया। पुलिस के अनुसार वह एक शातिर गौकश है। उसके पास से एक अवैध तमंचा 315 बोर, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक वसीम अहमद पर गौकशी, लूट, डकैती, गैंगस्टर एक्ट और आयुध अधिनियम सहित बरेली और शाहजहांपुर में कुल 14 मुकदमे दर्ज हैं। इस मुठभेड़ के संबंध में थाना बारादरी में मुकदमा संख्या 541/26 धारा 109 बीएनएस और 3/25/27 आयुध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।