आंवला । तहसील , थाना भमोरा क्षेत्र के गांव सरदार नगर में सोमवार शाम पानी की टंकी अचानक गिरने से इलाके में हड़कंप मच गया। हादसे में पांच ग्रामीण घायल हो गए। टंकी गिरते ही चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भिजवाया।बारिश के बाद धंसे पिलर, टंकी के पास बैठे थे लोगआलमपुर जाफराबाद ब्लॉक की सरदार नगर ग्राम पंचायत में बनी पानी की टंकी शाम के समय भरभराकर गिर गई हादसे के वक्त डोरीलाल पुत्र राजेंद्र, अर्जुन पुत्र नत्थू, वीरपाल पुत्र रामपाल, डब्बू उर्फ रविंद्र पुत्र लीलाधर और ननकू उर्फ वेदपाल पुत्र झमबू सिंह टंकी के पास बैठे थे। चार घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।ग्रामीणों के मुताबिक सोमवार सुबह हुई तेज बारिश के बाद टंकी के पिलर कमजोर होकर जमीन में धंस गए थे। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। राहत कार्य में ग्रामीणों ने भी मदद की। हादसे के बाद ग्रामीणों ने सरकारी निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि टंकी के निर्माण में निम्न स्तर की सामग्री इस्तेमाल की गई थी। एक साल पहले बने इस ओवरहेड टैंक के गिरने से सरकारी धन के दुरुपयोग का मामला सामने आ गया है।स्थानीय लोगों ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि दोषी पाए जाने वालों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही न दोहराई जाए। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।