बदायूं : शैक्षिक नवाचार एसोसिएशन की जनपद स्तरीय बैठक दादी की रसोई प्रांगण में हुई। नवाचारों पर चर्चा के बाद राज्य पुरस्कार प्राप्त शिक्षक मनीष कुमार को जिलाध्यक्ष और विनीत सोलंकी को महामंत्री पद पर मनोनीत किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना से हुआ। मुख्य अतिथि शैक्षिक नवाचार एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने शैक्षिक नवाचार एसोसिएशन व नवाचारों के बारे में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि 31 मई को अयोध्या में वार्षिक अधिवेशन होने जा रहा है। श्री सिंह ने शैक्षिक नवाचार टीम की कार्य प्रणाली की प्रशंसा की। शिक्षक मनीष कुमार को शैक्षिक नवाचार एसोसिएशन का जिलाध्यक्ष व विनीत सोलंकी महामंत्री, शशीबाला उपाध्यक्ष, अनुज सक्सेना संयुक्त मंत्री, जीबन बावू कोषाध्यक्ष, अभिषेक उपाध्याय मंत्री, नीरज, रिंकी, राजवीर सिंह, रानी, अतुल और रुचि को जिला टीम सदस्य और सुधा मिश्रा, मयंक गुप्ता, प्रमिला सिंह को मंडल कार्यकारिणी सदस्य पद पर मनोनीत किया गया। मनोनीत शिक्षकों का फूलमाला पहनाकर स्वागत किया गया। जिलाध्यक्ष मनीष कुमार और महामंत्री विनीत सोलंकी ने संयुक्त रुप से कहा शैक्षिक नवाचार एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष द्वारा जो जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। पूरी कर्मठता और सजगता से उनका निर्वहन करते हुए शैक्षिक नवाचारों के आदान प्रदान हेतु प्रयास करेंगे। इस मौके पर चंद्रमुखी, पूनम सक्सेना, हरीश चंद्र, पंकज आदि मौजूद रहे।