बरेली। थाना विशारतगंज क्षेत्र के गांव अखा में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर फांसी पर लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव अखा निवासी 25 वर्षीय राहुल पुत्र हरीश चंद का शव उसके घर में छत की कड़ी से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी गई।मृतक के पिता हरीश चंद ने बताया कि राहुल की शादी करीब पांच वर्ष पूर्व जयश्री से हुई थी। दंपति के दो बच्चे हैं। परिवार के अधिकांश सदस्य हिमाचल प्रदेश में रहते हैं, जबकि राहुल अपनी पत्नी के साथ गांव में ही रह रहा था। बताया गया कि राहुल की पत्नी जयश्री दो दिन पहले अपने मायके बदायूं चली गई थी, जिसके बाद वह घर में अकेला था।परिजनों के अनुसार, रात में सूचना मिली कि राहुल ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही परिजन हिमाचल प्रदेश से गांव पहुंचे, वहीं उसकी पत्नी भी बदायूं से लौट आई।मृतक के पिता ने बताया कि राहुल की किसी से कोई दुश्मनी या विवाद नहीं था, जिससे आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो पा रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।