अंडरपास निर्माण की मांग को लेकर डीआरएम को सौंपा ज्ञापन, जाम और सुरक्षा मुद्दों पर जताई चिंता
बरेली। शहर में लगातार बढ़ती ट्रैफिक समस्या और जाम से निजात दिलाने की मांग को लेकर चौपला बदायूँ रोड रेल अंडरपास संघर्ष समिति के संयोजक एवं नगर निगम पार्षद राजेश अग्रवाल ने मंडल रेल प्रबंधक को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में चौपला से बदायूँ रोड तक रेलवे लाइन के नीचे अंडरपास निर्माण की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
ज्ञापन में बताया गया कि चौपला बदायूँ रोड पर फ्लाईओवर बनने के बावजूद जाम की स्थिति बनी रहती है। सुभाष नगर, मढीनाथ और बदायूँ रोड क्षेत्र में तेजी से बढ़ती आबादी के कारण ट्रैफिक दबाव लगातार बढ़ रहा है, जिससे छोटे वाहन चालकों और स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा बना रहता है।यह मार्ग नगर निगम और जिला पंचायत क्षेत्रों को जोड़ने के साथ-साथ अन्य जिलों के आवागमन का भी मुख्य रास्ता है, जिसके चलते फ्लाईओवर पर अक्सर लंबा जाम लग जाता है। समिति ने सुझाव दिया कि इज्जतनगर आईवीआरआई अंडरपास की तर्ज पर नया अंडरपास बनाया जाए, जिससे ट्रैफिक का दबाव कम किया जा सके।
ज्ञापन में कहा गया कि प्रस्तावित अंडरपास से लगभग डेढ़ लाख स्थानीय आबादी को राहत मिलेगी, साथ ही सुभाष नगर, मढीनाथ और बदायूँ रोड के गांवों के लोगों का आवागमन सुगम होगा। इसके अलावा स्टेशन रोड, सिविल लाइंस और बिहारीपुर क्षेत्रों से कनेक्टिविटी बेहतर होने से व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा।धार्मिक दृष्टि से भी यह मार्ग महत्वपूर्ण है, क्योंकि कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्त कछला से जल लाकर अलखनाथ और त्रिवटीनाथ मंदिरों में जलाभिषेक करते हैं। ऐसे में जाम और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि सुभाष नगर पुलिया पर जलभराव होने से पूरा ट्रैफिक फ्लाईओवर पर आ जाता है, जिससे घंटों जाम लगता है। साथ ही फ्लाईओवर की मरम्मत के नाम पर समय-समय पर इसे बंद किया जाता है, और वर्तमान में भी 45 दिनों के लिए बंद करने की संभावना जताई गई है।समिति ने कहा कि यदि अंडरपास का निर्माण होता है तो यह एक वैकल्पिक मार्ग के रूप में कार्य करेगा और किसी भी आपात स्थिति या दुर्घटना के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू बनी रहेगी।
अंत में जनहित को ध्यान में रखते हुए चौपला बदायूँ मार्ग पर रेलवे लाइन के नीचे अंडरपास निर्माण को प्राथमिकता देने की मांग की गई।















































































