बरेली। थाना भोजीपुरा पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान एक बदमाश पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से घायल हो गया। मौके से अवैध तमंचा, कारतूस और चोरी का सामान भी बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, भोजीपुरा थाना क्षेत्र में पुलिस टीम गश्त पर थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि प्रा.वि. दलपतपुर में हुई चोरी के आरोपी फिर से वारदात की फिराक में हैं और चोरी का माल ठिकाने लगाने जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने बासुन्धरन ढाल से ग्राम दलपतपुर जाने वाले रास्ते पर चेकिंग शुरू की। रात करीब 2:45 बजे दो संदिग्ध व्यक्ति कंधों पर बोरी लेकर आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास करने पर दोनों बदमाश खेतों की ओर भागते हुए पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग करने लगे। इस दौरान एक गोली आरक्षी दीपक के बाजू को छूते हुए निकल गई। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अफसर अली पुत्र अली शेर निवासी ग्राम गाड़िया पैगंबरपुर, थाना हजरतपुर जनपद बदायूं के पैर में गोली लग गई। वहीं दूसरा आरोपी हसनैन उर्फ साहिल पुत्र आस मोहम्मद निवासी ग्राम कुंडरी आश्रम, थाना परौर जिला शाहजहांपुर को खेतों में छिपे हुए अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, 2 जिंदा कारतूस, 1 खोखा कारतूस, एक गैस सिलेंडर, एक गैस चूल्हा, 10 स्टील की थालियां और 2200 रुपये नगद बरामद हुए। घायल बदमाश और घायल पुलिसकर्मी को उपचार के लिए सीएचसी भोजीपुरा भेजा गया है। पुलिस के मुताबिक, अफसर अली पर करीब 17 और हसनैन उर्फ साहिल पर 14 मुकदमे पहले से दर्ज हैं। दोनों अभियुक्त पूर्व में दर्ज चोरी के मुकदमे से संबंधित हैं। फिलहाल पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।