रानी अवंतीबाई लोधी छात्रावास का स्थापना दिवस समारोह सम्पन्न, युवाओं के सपनों को मिल रहा सशक्त मंच
बदायूं |अवंतीबाई लोधी छात्रावास के स्थापना दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर पुष्पांजलि एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने छात्रावास में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति समर्पण, निरंतर परिश्रम,अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं की लगन, मेहनत और उनके जिज्ञासु प्रश्नों ने सभी अतिथियों को प्रभावित किया। वक्ताओं ने कहा कि यह छात्रावास न केवल शिक्षा का केंद्र है, बल्कि युवाओं के सपनों को साकार करने का एक सशक्त माध्यम बनकर उभर रहा है। संस्थान के संरक्षक केंद्रीय राज्य मंत्री श्री बी.एल. वर्मा ने अपने संबोधन में संस्थान की स्थापना की प्रेरणा एवं इसकी कार्यप्रणाली पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि यह संस्थान सर्व समाज के लिए समर्पित है और पूर्णतः निशुल्क है। साथ ही, परामर्श समिति द्वारा आगरा, बुलन्दशहर, शाहजहांपुर, कासगंज सहित पांच जिलों में इसकी शाखाएं खोलने का प्रस्ताव पारित किया गया है। कई स्थानों पर समाजसेवियों द्वारा भवन एवं भूमि भी उपलब्ध कराई जा चुकी है, जिससे जल्द ही इन जिलों के जरूरतमंद विद्यार्थियों को भी इसका लाभ मिल सकेगा।

इस अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी श्री हुकुम सिंह देशराजन, एटा सदर विधायक विपिन कुमार डेविड, दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह, सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, बिल्सी विधायक हरीश चंद्र शाक्य, पूर्व विधायक डॉ. अनिता लोधी, पूर्व मुख्य आयकर आयुक्त डॉ. बनवारी लाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। केंद्रीय राज्य मंत्री बी.एल. वर्मा के प्रयास से बने इस अवंतीबाई लोधी छात्रावास के कार्य ने साहित्यकार अशोक खुराना की इन पंक्तियों को सार्थक कर दिया है कि – दुनिया में सब चाहते करना निज उत्थान, परहित करना चाहते बिरले ही इंसान। इस कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि उचित मार्गदर्शन और संसाधन मिलने पर युवा वर्ग अपने सपनों को साकार कर देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है















































































