रालोद के क्षेत्रीय अध्यक्ष ने विजय बहादुर सक्सेना को बनाया कार्यवाहक जिला अध्यक्ष, संगठन मजबूती पर जोर
बरेली। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के रोहिलखंड क्षेत्रीय अध्यक्ष चौधरी रामवीर सिंह का बरेली आगमन पर कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने सर्किट हाउस में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन को मजबूत बनाने और किसान मसीहा चौधरी चरण सिंह की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक के उपरांत प्रेस वार्ता में क्षेत्रीय अध्यक्ष रामवीर सिंह ने कहा कि जनपद बरेली में पिछले कुछ समय से जिला अध्यक्ष पद को लेकर एडवोकेट मोहम्मद मतलूब और पूर्व जिला अध्यक्ष वाजिद हुसैन के बीच आपसी मतभेद के चलते संगठन में शिथिलता आ गई थी। इसी को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर पिछले सप्ताह विजय बहादुर सक्सेना को कार्यवाहक जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।उन्होंने स्पष्ट किया कि अब किसी भी प्रकार का भ्रम न रहे, वर्तमान में बरेली में जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी कार्यवाहक जिला अध्यक्ष विजय बहादुर सक्सेना के पास ही है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे एकजुट होकर संगठन को मजबूत करें और केंद्रीय मंत्री चौधरी जयंत सिंह के हाथों को मजबूत बनाएं।इस दौरान पूर्व जिला अध्यक्ष एडवोकेट मोहम्मद मतलूब ने कहा कि वे और उनका परिवार हमेशा पार्टी के प्रति समर्पित रहे हैं और वर्तमान कार्यवाहक जिला अध्यक्ष विजय बहादुर सक्सेना को पूरा सहयोग देंगे।
वहीं कार्यवाहक जिला अध्यक्ष विजय बहादुर सक्सेना ने कहा कि वे तन, मन और धन से पार्टी को आगे बढ़ाने का कार्य करेंगे तथा सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का सम्मान बनाए रखते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास करेंगे।
कार्यक्रम में प्रदेश सचिव सर्वेश पाठक, सैनिक प्रकोष्ठ के कुलदीप पवार सहित कई पदाधिकारियों ने क्षेत्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया। इस मौके पर पूर्व जिला अध्यक्ष एडवोकेट मोहम्मद मतलूब, किसान प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष राजवीर उपाध्याय, महिला प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष गीता सिन्हा, सैनिक प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष राजवीर चौधरी, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष शाहवान खान, कमलजीत सिंह, सचिन चौधरी, योगेंद्र, शहादत हुसैन, डॉ. अय्यूब, ओमपाल कश्यप, चंदा बाबू, अबरार, रोहित चौधरी, वीरेंद्र गंगवार, सभासद अख्तर, मुस्तफा, तौफीक समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।















































































