बरेली। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने आमजन की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से तहसील मुख्यालयों पर आयोजित होने वाले जनता दर्शन की लाइव मॉनिटरिंग की शुरुआत कर दी है। यह मॉनिटरिंग अब प्रतिदिन सुबह 10 से 12 बजे तक जनपद मुख्यालय से की जाएगी।यह पहल शासन की मंशानुसार लागू की गई है। हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा जिलाधिकारियों स्तर पर जनता दर्शन की लाइव मॉनिटरिंग शुरू की गई थी, जिसके क्रम में अब इसे जनपद स्तर पर भी प्रभावी किया गया है।मॉनिटरिंग के दौरान जिलाधिकारी ने सभी तहसीलों के उपजिलाधिकारियों से वर्चुअल संवाद किया और निर्देश दिए कि प्रत्येक फरियादी की शिकायत को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना जाए। साथ ही, निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।जिलाधिकारी ने कहा कि जनता दर्शन शासन की प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों में शामिल है, जिसका मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करना है। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने के निर्देश दिए।इसके साथ ही जिलाधिकारी ने यह भी निर्देशित किया कि खंड विकास अधिकारियों और नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों के कार्यालयों में आयोजित जनता दर्शन की भी तहसील स्तर से लाइव मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि हर स्तर पर शिकायतों का प्रभावी समाधान हो सके।