बरेली। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना किला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।जानकारी के अनुसार, 22 अप्रैल की रात नीम वाली मस्जिद क्षेत्र में मुजम्मिल खान ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर शादाब मियां के साथ विवाद किया। कहासुनी बढ़ने पर मुजम्मिल ने शादाब के सिर पर ईंट से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की थी।पुलिस टीम ने रात में गश्त के दौरान किला पुल के नीचे रेलवे क्रॉसिंग के पास से आरोपी मुजम्मिल खान को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से थाना किला क्षेत्र का निवासी है, लेकिन वर्तमान में महाराष्ट्र के ठाणे जनपद में रह रहा था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि विवाद के दौरान गुस्से में आकर उसने ईंट से हमला किया था और अपनी गलती स्वीकार की। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ईंट भी बरामद कर ली है।गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष संतोष कुमार, उप निरीक्षक कृष्ण कुमार, उप निरीक्षक नौमित नागर और कांस्टेबल कुलदीप कुमार शामिल रहे।