बरेली। एसआरएमएस रिद्धिमा ऑडिटोरियम में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रसिद्ध कुचिपुड़ी नृत्यांगना गुरु विजयन्ती काशी ने अपनी अद्भुत प्रस्तुति से सभी दर्शकों का मन मोह लिया। इस अवसर पर उनकी पुत्री प्रतीक्षा काशी ने नट्टू संगम प्रस्तुत कर कार्यक्रम में विशेष योगदान दिया, जिससे प्रस्तुति और भी प्रभावशाली बन गई। कार्यक्रम के दौरान विजयन्ती काशी ने अपनी उत्कृष्ट भाव-भंगिमाओं, सजीव अभिव्यक्ति एवं सशक्त नृत्य शैली से मंच को जीवंत कर दिया। उनकी प्रस्तुति में भारतीय शास्त्रीय नृत्य की समृद्ध परंपरा और भावनात्मक गहराई स्पष्ट रूप से झलक रही थी। इस अवसर पर ट्रस्ट के संस्थापक एवं चेयरमैन देव मूर्ति, ट्रस्टी आशा मूर्ति, उषा गुप्ता, देविशा मूर्ति, डॉ. अनुज कुमार एवं डॉ. प्रभाकर गुप्ता सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। इस अवसर पर देव मूर्ति ने बताया कि रिद्धिमा केंद्र निरंतर कला एवं साहित्य के प्रोत्साहन हेतु कार्य कर रहा है। इसी क्रम में रिद्धिमा द्वारा बाल एवं युवा महोत्सव का आयोजन भी किया जा रहा है।