बरेली। गौ माता को राष्ट्र माता घोषित किए जाने की मांग को लेकर हिंदू सुरक्षा सेवा संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री श्री 1008 राजू दास जी महाराज , प्रदेश अध्यक्ष अनूप खेतान और सचिन सक्सेना के नेतृत्व में प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि भारतवर्ष की संस्कृति, सभ्यता और परंपरा में गौ माता का स्थान अत्यंत पूजनीय और सम्माननीय रहा है। प्राचीन काल से ही गौ माता को मातृत्व, पोषण, सेवा और करुणा का प्रतीक माना जाता है, जिसका उल्लेख वेदों, पुराणों और शास्त्रों में भी मिलता है।ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि गौ माता केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि भारतीय कृषि व्यवस्था, ग्रामीण अर्थव्यवस्था, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण की मजबूत आधारशिला भी है। गौवंश से प्राप्त दूध, घी, दही, गोबर और गोमूत्र का उपयोग खेती-किसानी, औषधि निर्माण तथा जैविक और प्राकृतिक खेती में व्यापक रूप से किया जाता है। आज भी देश के करोड़ों किसानों की आजीविका प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से गौवंश पर निर्भर है।ज्ञापन के माध्यम से सरकार से गौ माता को विधिवत राष्ट्र माता घोषित करने, गौवंश संरक्षण हेतु कठोर और प्रभावी कानून बनाने, देशभर में गौशालाओं के विकास के लिए विशेष योजनाएं लागू करने, गौ आधारित प्राकृतिक खेती और ग्रामीण रोजगार को बढ़ावा देने तथा विद्यालयों व महाविद्यालयों में गौ संरक्षण से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम चलाने की मांग की गई।ज्ञापन सौंपने वालों ने विश्वास व्यक्त किया कि सरकार जनभावनाओं का सम्मान करते हुए इस दिशा में शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगी।