बरेली। थाना बारादरी क्षेत्र के सतीपुर चौराहा निवासी मुन्नी देवी पत्नी स्वर्गीय बेनीराम मौर्य ने क्षेत्रवासियों के साथ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर सैटेलाइट के चौकी इंचार्ज एवं अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पुत्र रंजीत मौर्य को झूठे मुकदमे में फंसाकर थर्ड डिग्री दी गई और गंभीर रूप से घायल कर जेल भेज दिया गया। समाज सेवी रितु शाक्य और मुन्नी देवी के अनुसार उनका पुत्र रंजीत मौर्य मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता है। 19 अप्रैल की शाम वह सतीपुर चौराहे पर सब्जी लेने गया था। वहां चौकी प्रभारी सैटेलाइट द्वारा उनके परिचित सोनू के साथ अभद्रता की जा रही थी। जब रंजीत ने गाली-गलौज का विरोध किया तो पुलिसकर्मी उससे नाराज हो गए और उसे जबरन चौकी ले गए। आरोप है कि चौकी पर रंजीत के साथ अमानवीय व्यवहार करते हुए बुरी तरह मारपीट की गई और थर्ड डिग्री दी गई। बाद में उसे स्मैक बेचने के झूठे आरोप में मुकदमा संख्या 492/2026, धारा 8/21 के तहत फंसाकर 20 अप्रैल को जेल भेज दिया गया। परिजनों का कहना है कि पिटाई के कारण उसकी हालत गंभीर हो गई और वह जिला कारागार बरेली के अस्पताल में भर्ती है।पीड़िता ने मामले की निष्पक्ष उच्च स्तरीय जांच, दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने तथा रंजीत को उचित उपचार और न्याय दिलाने की मांग की है।