बरेली। नवाबगंज ओसवाल गन्ना किसानों के लंबित भुगतान और नीलामी प्रक्रिया पर मंडल आयुक्त द्वारा रोक लगाए जाने से नाराज किसानों ने तहसील परिसर में जोरदार धरना प्रदर्शन किया। पैनी नजर सामाजिक संस्था की अध्यक्ष एडवोकेट सुनीता गंगवार के नेतृत्व में किसानों ने क्षेत्रीय विधायक की आपत्ति पर नीलामी प्रक्रिया रोके जाने का विरोध करते हुए प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। धरने के दौरान सुनीता गंगवार ने आरोप लगाया कि अधिकारियों की मिलीभगत से 24 हजार किसानों का भुगतान लंबे समय से रोका जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक निराधार आपत्ति पर तुरंत संज्ञान ले लिया गया, लेकिन वर्षों से बकाया किसानों के भुगतान की ओर किसी ने ध्यान नहीं दिया। यह साफ तौर पर भ्रष्टाचार है और प्रशासन, नेता तथा उच्च अधिकारी मिलकर गन्ना मिल मालिक को बचाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने गन्ना समिति और थाना हाफिजगंज पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना था कि समिति सचिव ने अपनी सुविधा के अनुसार ऐसी धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया, जिससे मिल मालिक की गिरफ्तारी न हो सके। स्थानीय पुलिस ने भी इसमें पूरा सहयोग किया, जो किसानों के खिलाफ साजिश को दर्शाता है तहसील में कोई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद न होने पर तहसीलदार मौके पर पहुंचे और किसानों को आश्वासन दिया कि 4 तारीख को मंडल आयुक्त से संवाद कराने की मांग को मजबूती से रखा जाएगा। इसके बाद किसानों ने मांग पत्र सौंपकर धरना समाप्त किया।