बरेली। स्मार्ट मीटर की खराबी और मनमाने बिजली बिलों से परेशान सैकड़ों लोगों ने सोमवार को रामपुर गार्डन स्थित विद्युत विभाग कार्यालय पर समाजवादी पार्टी के पूर्व प्रवक्ता मयंक शुक्ला के नेतृत्व में जोरदार विरोध दर्ज कराया। मयंक शुक्ला ने संबंधित अधिकारी अंकित गंगवार से मुलाकात कर पीड़ितों की समस्याओं के तत्काल समाधान की मांग की। दोपहर में बड़ी संख्या में लोगों ने बिजली विभाग की शिकायत लेकर मयंक शुक्ला से संपर्क किया, जिसके बाद वह स्वयं मौके पर पहुंचे। वहां मौजूद लोगों ने बताया कि महीने में दो से तीन बार बिल भेजे जा रहे हैं और पुराने बिलों की तुलना में कई गुना अधिक राशि वसूली जा रही है। लोगों ने पुराने मीटर वापस लगाए जाने की मांग करते हुए प्रीपेड मीटर व्यवस्था को आम जनता की जेब पर सीधा हमला बताया। अधिकारियों द्वारा पुराने मीटरों का उत्पादन बंद होने की बात कहे जाने पर मयंक शुक्ला ने योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रीपेड मीटर के जरिए जनता की जेब काटी जा रही है। उन्होंने इसे सुनियोजित लूट बताते हुए कहा कि जनहित में इन मीटरों को वापस लेना जरूरी है।उन्होंने भरोसा दिलाया कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने का वादा पूरा किया जाएगा। इससे पहले उन्होंने जमीन पर बैठकर लोगों की समस्याएं सुनीं और वरिष्ठ अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर समाधान का दबाव बनाया।