बरेली। थाना शेरगढ़ पुलिस ने घर से नगदी व जेवरात चोरी के मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से ₹3460 नगद बरामद किए हैं। आरोपी ने पूछताछ में अपने ही गांव के व्यक्ति के घर से चोरी करने की बात स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार रात्रि में ग्राम नूर मोहम्मद गौटिया निवासी सुब्हान रजा के घर से नगदी व जेवरात चोरी हो गए थे। इस संबंध में अली मोहम्मद पुत्र अली रजा निवासी ग्राम नूर मोहम्मद गौटिया, थाना शेरगढ़, जनपद बरेली के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया था। अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक थाना शेरगढ़ के नेतृत्व में उप निरीक्षक हिमांशु कैन और कांस्टेबल रंजन कुमार ने 25 अप्रैल को आरोपी अली मोहम्मद को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के समय आरोपी के पास से चोरी की नगदी व जेवरात बेचने के बाद शेष बचे ₹3460 बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि लालच में आकर उसने अपने ही गांव के सुब्हान रजा के घर से नगदी और जेवरात चोरी किए थे। घटना के बाद वह गांव छोड़कर भाग गया था। उसने चोरी के जेवरात एक अज्ञात व्यक्ति को बेच दिए और खर्च करने के बाद जो रकम बची थी, वही पुलिस ने बरामद की। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की गई है। पुलिस टीम में उप निरीक्षक हिमांशु कैन एवं कांस्टेबल रंजन कुमार शामिल रहे।