बदायूँ। एचपी इंटरनेशनल स्कूल में विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने स्पीच और कविता के माध्यम से मलेरिया से बचाव के उपायों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के साथ-साथ समाज में भी स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाना रहा। कक्षा 5 के अग्नि ग्रुप के छात्रों ने मंच पर अपने विचारों को शब्दों और अभिव्यक्ति के माध्यम से इस तरह प्रस्तुत किया कि उपस्थित सभी लोग प्रभावित हुए। बच्चों ने साफ-सफाई बनाए रखने, जल जमाव को रोकने और मच्छरों से बचाव के उपायों को सरल भाषा में समझाते हुए यह संदेश दिया कि थोड़ी सी सावधानी से इस गंभीर बीमारी से बचा जा सकता है। कार्यक्रम का संचालन अध्यापिका कंचन पांडे के निर्देशन में किया गया, जिनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रस्तुति दी। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य संदीप पांडे ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा का असली उद्देश्य विद्यार्थियों को जीवन के हर पहलू के प्रति जागरूक बनाना है, न कि केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित रखना। उन्होंने बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन न केवल उनकी प्रतिभा को निखारते हैं, बल्कि उन्हें समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में भी प्रेरित करते हैं।