बरेली। जोगी नवादा क्षेत्र की चावल मंडी में उस समय हड़कंप मच गया जब 11000 वोल्ट की बिजली लाइन का तार टूटने से भीषण आग लग गई। स्थानीय लोगों के अनुसार यह कोई साधारण आग नहीं थी, बल्कि हाईटेंशन लाइन की चिंगारी से उत्पन्न हुई, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। क्षेत्रवासियों का कहना है कि 11000 लाइन को लेकर पहले भी कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन बिजली विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लोगों ने बताया कि चावल मंडी में रखा ट्रांसफॉर्मर और उससे गुजर रही 11000 लाइन करीब 30 से 35 मकानों के ऊपर से गुजर रही है, जिससे हमेशा बड़े हादसे का खतरा बना रहता है। पार्षद प्रतिनिधि प्रेम शंकर राठौर (वार्ड 33, जोगी नवादा) ने बताया कि इस तरह के कई छोटे-बड़े हादसे पहले भी हो चुके हैं, लेकिन विभाग की लापरवाही जारी है। उन्होंने मांग की है कि इस खतरनाक लाइन को तत्काल हटाकर श्री बाबा बनखंडी नाथ मंदिर के पास से सुरक्षित रूप से बिजली सप्लाई शुरू की जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो कोई गंभीर दुर्घटना हो सकती है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग की होगी।