बरेली। सिविल डिफेंस के अलखनाथ डिवीजन द्वारा सीपीआर जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत तृतीय दिवस पर रानी लक्ष्मी बाई विद्यालय हार्टमैन के निकट में जीवनरक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण उपनियंत्रक राकेश मिश्र के निर्देशन एवं डिप्टी चीफ वार्डन रंजीत वशिष्ठ के प्रोत्साहन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में वरिष्ठ सहायक उपनियंत्रक पंकज कुदेशिया ने छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रीससिटेशन) की महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अचानक बेहोश हुए व्यक्ति, जिसकी सांस रुक गई हो, उसे तुरंत सीपीआर देकर जीवन बचाया जा सकता है। समय पर सीपीआर न मिलने पर व्यक्ति के ब्रेन डेड होने की आशंका बढ़ जाती है। प्रशिक्षण के दौरान विद्यालय के छात्र आरूष सक्सेना ने विशेष रुचि के साथ अभ्यास किया। इस मौके पर प्रधानाचार्य एवं डिविजनल वार्डन अन्जय कुमार अग्रवाल, आईसीओ नीतू द्विवेदी, पोस्ट वार्डन साबिर हसन, आशीष प्रधान, पवन कालरा, सर्वेश मौर्य समेत कई वार्डनों और शिक्षकों ने सहयोग किया। कार्यक्रम के अंत में अन्जय कुमार अग्रवाल ने विद्यार्थियों को सावधानी बरतने की सलाह देते हुए कहा कि सीपीआर का अभ्यास केवल विशेष डमी (मैनीक्वीन) पर ही किया जाना चाहिए, किसी जीवित व्यक्ति पर नहीं। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन एवं सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।