बदायूँ।।मदर एथीना स्कूल में आज ‘विश्व पृथ्वी दिवस’ ‘ब्लू डे’ के रूप में ‘हमारी पृथ्वी, हमारा शक्ति’ थीम के साथ अत्यंत उत्साह और हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। इस विशेष अवसर पर विद्यालय के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थी नीली वेशभूषा में विद्यालय आए तथा अपने लंच बॉक्स में नीले रंग के खाद्य पदार्थ भी लेकर आए। इसके साथ बच्चों ने कक्षाओं में पर्यावरण संरक्षण से संबंधित गतिविधियाँ की, जिसमें उन्होंने कागज के थैले बनाना सीखा, जिन पर प्लास्टिक न उपयोग करने का संदेश लिखा था। बच्चों ने स्क्रैप फाइल में ग्लेज पेपर से बनी पृथ्वी व मछली के चित्र चिपकाएँ। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों के फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया जिसमें विद्यार्थी पृथ्वी संरक्षण के विभिन्न संदेशों के साथ सुसज्जित होकर विद्यालय आए और उन्होंने पृथ्वी संरक्षण के नारे भी लगाए। बच्चों ने पर्यावरण से संबंधित गाने पर नृत्य भी किया। पर्यावरण को हरा-भरा बनाने के संकल्प के साथ विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण किया गया। विद्यालय की निदेशिका चयनिका सारस्वत ने बताया कि पृथ्वी केवल एक ग्रह नहीं, हमारा घर है। ‘हमारी पृथ्वी, हमारा भविष्य’ थीम हमें याद दिलाती है कि आज हम जो बोएंगे, वही हमारी आने वाली पीढ़ियाँ काटेंगी। बच्चों को बचपन से ही प्रकृति से जोड़ना हमारा उद्देश्य है ताकि वे एक जिम्मेदार नागरिक बन सकें। आइए, हम सब मिलकर इस नीले ग्रह की हरियाली और शुद्धता को बनाए रखने का संकल्प लें।