बरेली । आंवला विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम ढकिया में हुए भीषण अग्निकांड से प्रभावित परिवारों से आंवला सांसद नीरज मौर्य ने मुलाकात की। इस हादसे में धारा सिंह लोधी, शिवकुमार और मुंशीलाल के घरों में आग लगने से पशुओं की मृत्यु हो गई थी, जबकि घर में रखा अनाज भी जलकर नष्ट हो गया था। सांसद नीरज मौर्य ने पीड़ित परिवारों से मिलकर घटना की जानकारी ली और उन्हें हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में वे पीड़ितों के साथ खड़े हैं और उन्हें राहत दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। इस दौरान समाजवादी पार्टी के नेता पीयूष वर्मा, डॉ. नरेंद्र गौतम सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे। नेताओं ने पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाया और प्रशासन से त्वरित राहत उपलब्ध कराने की मांग की। अग्निकांड से प्रभावित परिवारों ने सांसद से मुलाकात के दौरान अपनी व्यथा साझा की और नुकसान की भरपाई के लिए सहायता की अपेक्षा जताई। स्थानीय स्तर पर इस घटना को लेकर ग्रामीणों में भी गहरा दुख और चिंता देखी गई।