बरेली। इज्जतनगर थाना क्षेत्र में एक युवक और उसके पालतू कुत्ते की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। दोनों के शव युवक के किराये के कमरे से बरामद हुए। मौके से सल्फास की पुड़िया मिलने पर जहरीला पदार्थ खाने की आशंका जताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, निखिल अरोड़ा (33) पुत्र स्वर्गीय सतीश कुमार अरोड़ा डेलापीर क्षेत्र में किराये के मकान में रहता था। वह रोजाना अपने रिश्तेदारों के यहां भोजन करने जाता था, लेकिन सोमवार को न पहुंचने और मोबाइल बंद मिलने पर परिजन चिंतित हो गए। इसके बाद परिजन जब उसके कमरे पर पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी आवाज देने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां निखिल का शव पड़ा मिला। उसके साथ रहने वाले पालतू कुत्ते की भी मौत हो चुकी थी। कमरे की तलाशी में सल्फास बरामद हुआ। मौके पर पहुंची फील्ड यूनिट ने साक्ष्य जुटाए। इंस्पेक्टर सुरेश कुमार गौतम ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कार्रवाई जा रही है।