बरेली। बरेली मंडल के परिवहन निगम, रबर फैक्ट्री, चीनी मिल समेत विभिन्न विभागों के ईपीएस-95 पेंशनर्स की मासिक बैठक पुराने बस स्टैंड पर दोपहर 12 बजे आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय संघर्ष समिति, बरेली के मंडल अध्यक्ष ए.के. अरोरा ने की। बैठक को अशोक कुमार मिश्रा, वेदपाल सिंह, चिरंजीव गौड़, महेश कुमार अग्रवाल, अनूप कुमार अग्रवाल और सियाराम साहू सहित कई वक्ताओं ने संबोधित किया। वक्ताओं ने ईपीएस-95 पेंशनर्स की लंबित मांगों को लेकर सरकार के प्रति नाराजगी जताई। मुख्य मांगों में न्यूनतम 7500 रुपये पेंशन के साथ डीए, पेंशनर्स दंपत्ति को मुफ्त चिकित्सा सुविधा, उच्च वेतन के आधार पर बिना भेदभाव पेंशन स्वीकृति तथा योजना से वंचित सदस्यों को एकमुश्त 5000 रुपये मासिक पेंशन शामिल हैं। वक्ताओं ने कहा कि इन मांगों को लागू करने में हो रही देरी से पेंशनर्स में आक्रोश बढ़ रहा है।बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि केंद्रीय नेतृत्व से आग्रह किया जाएगा कि वह राष्ट्रीय स्तर पर सरकार पर दबाव बनाकर मांगों को शीघ्र पूरा कराए। साथ ही स्थानीय सांसदों से मिलकर इन मुद्दों को संसद में उठाने की रणनीति भी बनाई जाएगी।बैठक का संचालन राम प्रकाश शर्मा ने किया। अंत में अध्यक्ष ए.के. अरोरा ने पेंशनर्स से एकजुट रहने और केंद्रीय नेतृत्व द्वारा घोषित आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने की अपील करते हुए सभा का समापन किया।