बरेली। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा बरेली के अध्यक्ष मुकेश सक्सेना ने संगठन के पदाधिकारियों के साथ मेयर डॉ उमेश गौतम को कोहाड़ापीर तिराहे स्थित कायस्थ समाज के प्रतीक चिन्ह ‘कलम-दवात’ के संबंध में ज्ञापन सौंपा।उन्होंने कहा कि प्रिंट मीडिया के माध्यम से जानकारी मिली है कि हजारों कायस्थ समाज की आस्था का प्रतीक ‘कलम-दवात’ को अन्यत्र शिफ्ट किया जा रहा है, जो समाज की भावनाओं को आहत करने और उसकी गरिमा से खिलवाड़ करने जैसा है। इस मुद्दे को लेकर समाज में रोष व्याप्त है। उन्होंने कहा कि कायस्थ समाज विकास कार्यों का पूर्ण समर्थन करता है, लेकिन समाज की भावनाओं का भी सम्मान होना चाहिए।इस पर मेयर उमेश गौतम ने स्पष्ट किया कि प्रतीक चिन्ह को हटाया नहीं जा रहा है, बल्कि आवश्यकता अनुसार उसे थोड़ा पीछे सरकाया जा सकता है।ज्ञापन देने के दौरान सुधीर मोहन, राजेश सक्सेना, श्यामदीप सक्सेना, अतुल सक्सेना, अमित आनंद, अंश सक्सेना, अक्षय बिसारिया, सुधीर महान, अभिषेक सक्सेना, सक्षम महान और रजनीश कुमार समेत अन्य लोग उपस्थित रहे। अंत में अध्यक्ष मुकेश सक्सेना ने सभी का आभार व्यक्त किया।