निःशुल्क सोमनाथ दर्शन हेतु तीर्थ यात्री हुए रवाना, अपर जिलाधिकारी नगर ने दिखायी हरी झंडी
बरेली । भारत सरकार संस्कृति मंत्रालय की पहल पर सोमनाथ तीर्थ यात्रा निःशुल्क कराए जाने का निर्णय लिया गया था। उक्त के क्रम में बरेली से चयनित विभिन्न श्रेणी के तीर्थ यात्रियों की बस को अपर जिलाधिकारी नगर सौरभ दुबे द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। लखनऊ से 19 अप्रैल को वातानुकूलित (एसी थर्ड) ट्रेन से यह यात्री सोमनाथ हेतु रवाना होगे ।उप निदेशक पर्यटन बरेली रविंद्र कुमार ने बताया कि धार्मिक पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से केंद्र सरकार द्वारा यह विशेष पहल की गई है। संस्कृति मंत्रालय और भारतीय रेलवे समन्वय से चलाई जा रही यह ट्रेन तीर्थ यात्रियों के लिए पूरी तरह निःशुल्क होगी, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर श्रद्धालुओं को भी यात्रा का लाभ मिल सकेगा.उन्होंने बताया उत्तर प्रदेश से 750 श्रद्धालुओं को सोमनाथ तीर्थ यात्रा पर भेजा जा रहा है। प्रदेश भर से 750 श्रद्धालु यात्रा के लिए दिनांक 18 अप्रैल को लखनऊ पहुंचेंगे। लखनऊ में उनके ठहरने और भोजन की व्यवस्था संस्कृति विभाग करेगा। उपनिदेशक ने बताया 19 अप्रैल को लखनऊ से यह ट्रेन गुजरात स्थित सोमनाथ मंदिर के लिए प्रस्थान करेगी। इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अनुरोध किया गया है।उन्होंने बताया कि यात्रा विशेष रूप से चयनित श्रद्धालुओं के लिए आयोजित की गई है, जिसमें उन्हें संगठित तरीके से तीर्थ दर्शन कराया जाएगा। सोमनाथ यात्रा के लिए प्रदेश के प्रत्येक जिले से 10-10 तीर्थ यात्रियों को भेजने का निर्णय लिया है।तीर्थ यात्रियों का चयन करने की जिम्मेदारी संबंधित जिले के जिलाधिकारी अध्यक्षता में बनी कमेटी को सौपी गयी है। शॉपकीपर्स, स्ट्रीट वेंडर, महिला, विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी, विद्यार्थी, सीनियर सिटीजन, तकनीकी सेवा कर्मचारी, आध्यात्मिक संस्थाओं से जुड़े लोग, कलाकार, सफाई कर्मचारी आदि शामिल किया गया है। जनपद बरेली से विकास मौर्या(स्ट्रीट वैण्डर्स), बिन्दु(महिला), विवेक पटेल(एमएसएमई), वीरेन्द्र कुमार(सरकारी योजनाओं के लाभार्थी), संस्कार गोयल(एमबीए स्टूडेंट), ओमवती(सीनियर सिटीजन), मोहित गंगवार(वॉलन्टियर), अजयानन्द ब्रहम्चारी (अखाड़ा/ आध्यामिक संस्था के सदस्य), अंकित कुमार(सीमावर्ती गांव के व्यक्ति) तथा देवेन्द्र कुमार(सफाई कर्मी) यात्रा हेतु गए हैं।इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा, उप निदेशक पर्यटन रविंद्र कुमार सहित सम्बंधित अधिकारी उपस्थित रहे।















































































