बरेली। थाना शीशगढ़ क्षेत्र में गोकशी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शनिवार सुबह पनवड़िया पुल के पास हुई मुठभेड़ में पुलिस ने दो अभियुक्तों को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार 3 अप्रैल को ग्राम बरगवां निवासी ओमकार ने सूचना दी थी कि किच्छा नदी के पास गौवंशीय पशु का वध कर अवशेष फेंके गए हैं। इस मामले में थाना शीशगढ़ पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।शनिवार तड़के करीब 5 बजे पुलिस टीम गश्त के दौरान पनवड़िया पुल के पास पहुंची, तभी तीन संदिग्धों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में अब्दुल रहमान और दानिश कुरैशी गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।तलाशी में दोनों के पास से 2 तमंचे, 7 कारतूस, 2810 रुपये नकद और गोकशी के उपकरण बरामद हुए। तीसरा आरोपी आरिफ जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस कॉम्बिंग कर रही है।घायलों को उपचार के लिए सीएचसी बहेड़ी भेजा गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।