बरेली। जीवनधारा पुनर्वास एवं शोध संस्थान के दिव्यांग छात्रों ने इस वर्ष 10वीं की परीक्षा उत्तीर्ण कर मण्डल में पहली बार सफलता का परचम लहराया है। संस्थान में आयोजित वार्षिक रिपोर्ट कार्ड वितरण कार्यक्रम में इन छात्रों को सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में संस्थान के अध्यक्ष प्रोफेसर (डा०) अमिताभ मिश्रा ने NIOS के माध्यम से 10वीं पास करने वाले आयुष सक्सेना, राधिका वर्मा और साक्षी को अंकपत्र एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर निदेशिका शाश्वती नंदा सहित संस्थान के प्राचार्य हर्ष चौहान, उप प्राचार्य सीकन कुमार सामन्तराय एवं अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।डा० मिश्रा ने बताया कि बरेली मण्डल में पहली बार दिव्यांग छात्रों ने 10वीं की परीक्षा पास की है। संस्थान को राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान से विशेष मान्यता प्राप्त है, जिसके तहत दिव्यांग छात्रों को कक्षा 12 तक शिक्षा प्रदान की जाती है।निदेशिका शाश्वती नंदा ने विशेष शिक्षकों की मेहनत और अभिभावकों के सहयोग को सफलता का श्रेय दिया। उन्होंने कहा कि संस्थान पिछले 34 वर्षों से दिव्यांगजनों को शिक्षा एवं पुनर्वास सेवाएं प्रदान कर रहा है और कई सम्मान प्राप्त कर चुका है।