पुरानी रंजिश बनी खूनी, कल्लू उर्फ कल्याण की गोली मारकर हत्या
बरेली। थाना भमोरा क्षेत्र के ग्राम भीकमपुर कुढ्ढा में शनिवार सुबह पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। खेत पर शौच के लिए गए 48 वर्षीय कल्लू उर्फ कल्याण की घात लगाकर बैठे हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या कर दी। सुबह हुई इस वारदात से गांव में दहशत फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी साउथ अंशिका वर्मा और सीओ , थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मृतक के भाई धर्मपाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि कल्याण सुबह करीब 5:40 बजे खेत पर गए थे। आरोप है कि गांव के ही फूल सिंह, सतेंद्र, जीराजi, दीपक, सुनील, नरवीर और जुगेंद्र पहले से झाड़ियों में अवैध असलहों के साथ छिपे बैठे थे। जैसे ही कल्याण वहां पहुंचे, आरोपियों ने 315 बोर हथियारों से फायरिंग शुरू कर दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
बताया कि हमलावरों ने गोली मारने के बाद भी नहीं रुके और तमंचों व रायफल की बट से कल्याण को पीटा। बचाने पहुंचे धर्मपाल पर भी फायरिंग की गई, जो किसी तरह जान बचाकर गांव पहुंचे और लोगों को सूचना दी। ग्रामीणों के पहुंचने से पहले ही आरोपी फरार हो गए।
पुरानी दुश्मनी का नतीजा
बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से रंजिश चली आ रही थी। चार दिन पहले भी विवाद हुआ था और मामला थाने तक पहुंचा था। पुलिस ने कोई कार्रवाई ने ही की बताया बीजेपी विधायक से मिली भगत रहती है और आरोपी बीजेपी के नेता है इसलिए भमोरा पुलिस ने इससे पहले कोई कार्रवाई नहीं की शुक्रवार को समझौते की बात चल रही थी, लेकिन उससे पहले ही यह घटना हो गई।
परिजनों ने आरोप लगाया कि पहले से विवाद की जानकारी होने के बावजूद पुलिस ने समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की, जिससे यह वारदात हुई। अब पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए है।
सीओ नितिन कुमार और प्रभारी निरीक्षक पवन कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दबिश दी जा रही है।
गांव में तनाव, पुलिस तैनात है
घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात कर निगरानी बढ़ा दी गई है।















































































