बदायूँ में नारी सशक्तिकरण सम्मेलन व विरोध प्रदर्शन, सामाजिक मुद्दों पर गरमाया माहौल
बदायूँ। नारी शक्ति वंदन अधिनियम अभियान के अंतर्गत डायट ऑडिटोरियम में आयोजित शेखूपुर विधानसभा सम्मेलन में जनप्रतिनिधियों और मातृशक्ति की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती पुष्पा पांडे तथा शेखूपुर के निवर्तमान विधायक धर्मेंद्र शाक्य की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष महिला मोर्चा अमिता उपाध्याय, जिला उपाध्यक्ष सीमा राठौर, जिला मंत्री रचना शंखधार, आरती कश्यप, राजवती वर्मा और सलोनी पाठक सहित बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। वक्ताओं ने महिलाओं को आत्मनिर्भर, सशक्त और सम्मानित बनाने के लिए सामाजिक सोच में बदलाव की आवश्यकता पर बल दिया।
शेखूपुर विधानसभा। सम्मेलन के दौरान वक्ताओं ने स्पष्ट कहा कि भले ही एक महत्वपूर्ण बिल पारित नहीं हो सका हो, लेकिन इससे महिलाओं की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है, जब-जब महिलाओं को रोकने की कोशिश हुई है, उन्होंने अपने हौसलों से नई दिशा दी है।
महिलाओं ने संकल्प लिया कि वे अपने अधिकारों के लिए सवाल भी पूछेंगी, जवाब भी मांगेंगी और आवश्यकता पड़ने पर बदलाव भी लाकर रहेंगी। वक्ताओं ने जोर देकर कहा कि नारी सम्मान केवल शब्दों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि हर सोच, व्यवहार और निर्णय में दिखाई देना चाहिए।
मालवीय आवास पर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के नेतृत्व में विभिन्न मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने कथित जिहादी मानसिकता, अवैध कब्जों और सुनियोजित षड्यंत्रों के खिलाफ आवाज उठाई।
इस दौरान राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा गया। जिलाध्यक्ष नीरज रस्तोगी ने कहा कि यह केवल चेतावनी नहीं, बल्कि एक गंभीर संकट का संकेत है। प्रांत गौ रक्षा प्रमुख संजीव प्रजापति ने आरोप लगाया कि सुनियोजित तरीके से युवतियों का शोषण और जबरन धर्मांतरण जैसी घटनाएं हो रही हैं।
मातृ शक्ति संयोजिका प्रतिभा गुप्ता ने मांग की कि ऐसे तत्वों की पहचान कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए तथा सार्वजनिक व सरकारी भूमि से अवैध कब्जे हटाए जाएं। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे और जिलाधिकारी कार्यालय पर नारेबाजी कर विरोध दर्ज कराया।















































































