राजकीय महाविद्यालय बदायूं में नारी वंदन अधिनियम के समर्थन में मानव श्रृंखला व संगोष्ठी आयोजित
बदायूं। राजकीय महाविद्यालय अवास विकास में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) एवं मिशन शक्ति के संयुक्त तत्वावधान में नारी वंदन अधिनियम के समर्थन में मानव श्रृंखला एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय प्राचार्या लेफ्टिनेंट डॉ. श्रद्धा गुप्ता ने की, जबकि संचालन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी एवं मिशन शक्ति उप-नोडल अधिकारी डॉ. ज्योति बिश्नोई ने किया।
सर्वप्रथम नारी वंदन अधिनियम के समर्थन में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक मानव श्रृंखला बनाई। इसके बाद सेमिनार हॉल में आयोजित संगोष्ठी में डॉ. अनिल कुमार, डॉ. दिलीप कुमार, डॉ. रविंद्र सिंह यादव, डॉ. संजय कुमार एवं डॉ. प्रेमचंद चौधरी ने विचार व्यक्त किए। छात्राओं लक्ष्मी, सेजल, काम्या सिंह, रिया, वैष्णो देवी, पूर्णिमा तोमर, शीतल आदि ने भी सक्रिय भागीदारी की।
अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्या डॉ. श्रद्धा गुप्ता ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम एवं मिशन शक्ति का उद्देश्य महिलाओं की हर क्षेत्र में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। यह तभी सफल होगा जब छात्र-छात्राएं अपने गांवों एवं आसपास जागरूकता फैलाएं। डॉ. ज्योति बिश्नोई ने छात्राओं को सुरक्षा, अधिकारों एवं कानूनी जागरूकता के प्रति प्रेरित किया तथा बाल विवाह जैसी कुरीतियों पर शासन को सूचित करने एवं हेल्पलाइन नंबर्स का उपयोग करने की सलाह दी।
डॉ. संजय कुमार ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम के द्वारा देश और प्रदेश के सर्वोच्च पंचायत में नारी शक्ति विधि निर्माता की भूमिका का निर्वहन कर देश की दिशा और दशा बदलने का कार्य करेंगी। डॉ सतीश सिंह यादव ने कहा कि इस अधिनियम पूर्णरूपेण लागू कराने के लिए और महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए आवश्यक हैं कि ग्रामीण महिलाओं को योजनाओं को जागरूक किया जाए। हिंदी के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. प्रेमचंद चौधरी ने छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने एवं समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम में मुस्कान साहिबा, सुरभि, रिया, विभा, अंशिका आदि ने सहयोग किया।















































































