बरेली। मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत थाना विशारतगंज पुलिस ने एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 35 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है। बरामद स्मैक की अंतर्राष्ट्रीय कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मुखबिर से सूचना मिली कि मो. अरबाज पुत्र रफाकत हुसैन निवासी बल्लिया थाना भमौरा, अवैध स्मैक लेकर बेचने जा रहा है। सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस टीम ने ग्राम अंटूआ तिराहा पर घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 35 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह सस्ते दामों पर स्मैक खरीदकर अलग-अलग स्थानों पर ऊंचे दामों में बेचता था और इसी से अपने परिवार का खर्च चलाता था। उसने यह भी बताया कि उसे स्मैक विशारतगंज कस्बे में रेलवे फाटक के पास एक अज्ञात व्यक्ति से मिली थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना विशारतगंज में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया है। कार्रवाई में थानाध्यक्ष राजीव कुमार सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।