उझानी : अयोध्या प्रसाद मेमोरियल पीजी कालेज में भारत स्काउट गाइड के तत्वावधान में चल रहे रोवर-रेंजर्स प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन प्रतिभागियों को तंबू निर्माण, विभिन्न प्रकार के गैजेट्स तैयार करना, बिना बर्तन भोजन बनाना तथा खोज के चिन्हों के अलावा शिविरार्थियों को आपात परिस्थितियों में लोगों की सहायता और उपचार करने की ट्रेनिंग दी गई। पूर्व जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में युद्ध और प्राकृतिक आपदाओं जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए युवाओं का प्रशिक्षित और सजग होना अत्यंत आवश्यक है। स्काउटिंग ऐसी परिस्थितियों में संयम, सेवा और साहस का मार्ग दिखाती है। प्राचार्य डा. प्रशांत वशिष्ठ ने कहा कि स्काउटिंग युवाओं में समाज सेवा, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास करती है। इससे पहले चीफ प्राक्टर डा. त्रिवेन्द्र कुमार सिंह ने स्काउट ध्वज फहराया। उन्होंने कहा कि देशभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा ही एक सच्चे नागरिक की पहचान है। उन्होंने युवाओं को राष्ट्र के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी। महाविद्यालय के निदेशक डा. एमएस ए. अग्रवाल ने शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की सराहना की तथा प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। शिविर में रेंजर लीडर शालिनी शर्मा एवं रोवर लीडर श्रेष्ठ गौर के नेतृत्व में सभी गतिविधियां संपन्न कराई जा रही हैं। इस अवसर पर उप प्राचार्य प्रोफेसर शिशुपाल सिंह, आदर्श, दौलत राम, राम कुमार, आदेश, संजीव कुमार, सौरभ शुक्ला, दीपक कुमार आदि मौजूद रहे।