बरेली। शिक्षणेत्तर कर्मचारी सयुंक्त परिषद बरेली के जिलाध्यक्ष हरी शंकर ने जिलाधिकारी द्वारा मुख्यमंत्री को ईमेल पर पत्र भेजते हुए माँग की है कि अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों तथा अन्य विभागों में कार्यरत आउटसोर्सिंग कर्मियों को बढ़ा हुआ मानदेय समय से न मिलने के कारण कर्मचारियों में निराशा और चिंता का माहौल बना हुआ है। इस विषय को लेकर शिक्षणेत्तर कर्मचारी संयुक्त परिषद बरेली के जिलाध्यक्ष हरी शंकर ने संबंधित अधिकारियों से जल्द समाधान की अपेक्षा व्यक्त की है। हरी शंकर ने कहा कि आउटसोर्सिंग कर्मी विद्यालयों और विभिन्न विभागों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं। वे सीमित संसाधनों में भी पूरी निष्ठा और मेहनत से अपने कर्तव्यों का पालन करते हैं। ऐसे में बढ़े हुए मानदेय का भुगतान लंबित रहने से उनके सामने आर्थिक परेशानियां खड़ी हो रही हैं, जिसका असर उनके परिवारों पर भी पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों ने हमेशा व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहयोग दिया है, इसलिए उनके हितों की अनदेखी उचित नहीं है। परिषद की ओर से प्रशासन से विनम्र आग्रह किया गया है कि इस विषय को प्राथमिकता देते हुए जल्द से जल्द बढ़े हुए मानदेय का भुगतान सुनिश्चित किया जाए, ताकि कर्मचारियों को राहत मिल सके। जिलाध्यक्ष ने विश्वास जताया कि संबंधित अधिकारी कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से समझते हुए सकारात्मक पहल करेंगे। शिक्षणेत्तर कर्मचारी संयुक्त परिषद बरेली ने भी आशा व्यक्त की है कि शीघ्र समाधान से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा और वे पहले की तरह पूरी लगन से अपने दायित्वों का निर्वहन करते करते रहेंगे।