बरेली। रामनगर क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय बारीखेड़ा में वार्षिकोत्सव एवं परीक्षाफल वितरण कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम प्रधान दयावती ने किया। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों का विद्यालय में नामांकन कराने की अपील की। मुख्य अतिथि जिला उपाध्यक्ष सतेंद्र पाल सिंह ने खेलकूद, सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं तथा वार्षिक परीक्षा में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। साथ ही नियमित उपस्थिति वाले बच्चों को भी पुरस्कृत किया गया।प्रधान अध्यापक पवन कुमार दिवाकर ने बताया कि परिषदीय विद्यालयों में बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए नामांकन, उपस्थिति और ठहराव बढ़ाने के साथ-साथ आत्मविश्वास, अनुशासन और टीमवर्क की भावना विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी से बच्चों को स्कूल छोड़ने से रोका जा सकता है, इसी उद्देश्य से शारदा संगोष्ठी एवं वार्षिकोत्सव जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम प्रधान दयावती ने की, जबकि संचालन रामनरेश ने किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा शिक्षिका कल्पना ने खजान सिंह, देवर्षि वर्मा, सुनील कुमार और मीनू के सहयोग से तैयार की। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्य, ग्रामवासी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता बिंदेश्वरी और आशा कार्यकर्ता सुरता सहित कई लोग मौजूद रहे।