बरेली। भारतीय किसान एकता संघ के राष्ट्रीय संगठन मंत्री डॉ. रवि नागर के नेतृत्व में किसानों एवं आमजन से जुड़े तीन अहम मुद्दों को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिला अधिकारी कार्यालय में सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा गया। ज्ञापन में प्रदेश के सभी स्कूलों में एनसीईआरटी की किताबें पूर्ण रूप से लागू करने, प्रीपेड बिजली मीटर का विरोध करने तथा बरेली-बदायूं सिंचाई परियोजना को शीघ्र लागू करने की मांग की गई।डॉ. रवि नागर ने कहा कि निजी स्कूलों द्वारा महंगी किताबें लागू किए जाने से गरीब, मजदूर और किसान वर्ग के बच्चों की शिक्षा प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा प्रत्येक नागरिक का मौलिक अधिकार है, इसलिए सस्ती और समान शिक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना आवश्यक है।इसके अलावा प्रीपेड बिजली मीटर व्यवस्था को किसान विरोधी बताते हुए उन्होंने कहा कि पहले से ही महंगी बिजली दरों और फसलों के भुगतान में देरी के कारण किसान परेशान हैं, ऐसे में प्रीपेड मीटर उनकी मुश्किलें और बढ़ा देंगे। साथ ही, बरेली-बदायूं सिंचाई परियोजना को किसानों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए इसे शीघ्र पूरा कराने की मांग की गई। चेतावनी दी गई कि मांगें पूरी न होने पर प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन के दौरान यज्ञ प्रकाश गंगवार,पंडित राजेश शर्मा,गिरीश गोस्वामी,डॉक्टर अंशु भारती आदि लोग मौजूद रहे।