बरेली। थाना इज्जत नगर क्षेत्र के मुंशी नगर में मंगलवार सुबह मजदूरी के दौरान करंट लगने से एक युवक गंभीर रूप से बेहोश हो गया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है। परिजनों ने बताया कि 20 वर्षीय शनि पुत्र वीरेंद्र मूल रूप से थाना भमोरा क्षेत्र के गांव मिल्क मजारा का निवासी है। वह पिछले कई वर्षों से इज्जतनगर के मुंशी नगर में किराए के मकान में रहकर मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहा है। मंगलवार सुबह शनि मुंशीनगर स्थित दीपक कुमार के मकान में मजदूरी कर रहा था। इसी दौरान समरसेबल पंप के तार से अचानक करंट लग गया, जिससे वह बेहोश होकर गिर पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल के इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉक्टर वैभव शुक्ला ने तुरंत भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया शनि का इलाज जिला अस्पताल के बर्न वार्ड में चल रहा है।