बरेली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा अनुशासनहीनता पर सख्त रुख अपनाते हुए लगातार गैरहाजिर रहने एवं अन्य गंभीर आरोपों के चलते 5 मुख्य आरक्षियों और 3 आरक्षियों को निलंबित कर दिया गया है। सभी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। जारी आदेश के अनुसार, कई पुलिसकर्मी स्वीकृत अवकाश के बाद समय पर ड्यूटी पर वापस नहीं लौटे और लंबे समय तक अनाधिकृत रूप से गैरहाजिर रहे। वहीं कुछ मामलों में ड्यूटी के दौरान अनुपस्थित रहने और शिकायतों में दुर्व्यवहार की पुष्टि होने पर यह कार्रवाई की गई।निलंबित किए गए मुख्य आरक्षियों में विजय कुमार (UP-112), विनेश कुमार (रिजर्व पुलिस लाइन), राजवीर सिंह (थाना फतेहगंज पूर्वी), सुनील कुमार (थाना देवरनियां) और अनुज कुमार (रिजर्व पुलिस लाइन) शामिल हैं।इसी तरह आरक्षियों में अनिल चौधरी (थाना शाही), राजू सिंह और बोबी कुमार (दोनों रिजर्व पुलिस लाइन) को भी गैरहाजिरी के चलते निलंबित किया गया है। एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि अनुशासनहीनता और कर्तव्य में लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।