विद्यार्थियों ने किया बाल सुधार गृह का भ्रमण
शाहजहांपुर। स्वामी शुकदेवानंद कॉलेज, के बी.एड. एवं एम०एड० के विद्यार्थियों ने बाल सुधार गृह का भ्रमण किया। इस भ्रमण का उद्देश्य भावी शिक्षकों को किशोर न्याय प्रणाली, बाल मनोविज्ञान तथा सुधार और पुनर्वास की प्रक्रिया से परिचित कराना था। भ्रमण के दौरान बाल सुधार गृह अधीक्षक ने विद्यार्थियों को केंद्र की कार्यप्रणाली, नियमों एवं यहाँ संचालित शैक्षिक, व्यावसायिक तथा परामर्श कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अनुशासन, देखभाल, मार्गदर्शन एवं भावनात्मक सहयोग किशोरों के सुधार एवं समाज में पुनः समायोजन के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। बी.एड. विद्यार्थियों ने किशोरों की दिनचर्या, आवास व्यवस्था एवं शिक्षण सुविधाओं का अवलोकन किया। इस अवसर पर उन्हें ऐसे बच्चों की व्यवहारिक चुनौतियों को समझने तथा उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने में शिक्षक की भूमिका के महत्व की जानकारी प्राप्त की। यह भ्रमण विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं संवेदनशील रहा, जिससे उनमें सामाजिक दायित्व एवं मानवीय दृष्टिकोण का विकास हुआ। इस अवसर पर शिक्षक शिक्षा विभाग के वरिष्ठ शिक्षक प्रोफेसर (डॉ०) प्रभात शुक्ल ने बाल सुधार गृह भ्रमण के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए कहा इन संस्थानों का मुख्य उद्देश्य दंड देना नहीं, बल्कि बच्चों का सुधार, मार्गदर्शन और पुनर्वास करना होता है। वहाँ की शिक्षा, परामर्श एवं कौशल विकास गतिविधियाँ यह दर्शाती हैं कि सही दिशा और सहयोग मिलने पर हर बच्चा समाज का उपयोगी सदस्य बन सकता है। यह भ्रमण हमें संवेदनशील बनाता है और यह सिखाता है कि हमें ऐसे बच्चों के प्रति सहानुभूति रखनी चाहिए, न कि उन्हें तिरस्कृत करना चाहिए। एक शिक्षक के रूप में हमारा दायित्व है कि हम विद्यार्थियों को सही मार्गदर्शन दें, ताकि वे भविष्य में किसी भी प्रकार के भटकाव से बच सकें। इस अवसर पर डॉ० बृज निवास, डॉ० राहुल कुमार, डॉ० अखिलेश तिवारी, डॉ० संजय कुमार, श्री सौरभ मिश्रा, श्री अमित गुप्ता, राजीव यादव, रोहित सिंह, राम औतार सिंह, रेनू बहुखण्डी, डॉ0 प्रियंका शर्मा, श्रीमती प्रिया शर्मा एवं बी०एड० एवं एम०एड० के समस्त विद्यार्थी उपस्थित रहे|














































































